Time 24×7Tak
चम्पावत UK चम्पावत 👉 मुख्यमंत्री चैम्पियन ट्रॉफी ‘खेल महाकुंभ 2026-27’ के सफल आयोजन को लेकर शुक्रवार को जिला कार्यालय सभागार में अपर जिलाधिकारी कृष्ण नाथ गोस्वामी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में खेल प्रतियोगिताओं की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
एडीएम ने स्वास्थ्य विभाग को सभी खेल स्थलों पर प्राथमिक उपचार की व्यवस्था और एम्बुलेंस उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वहीं सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। नगर पालिका को खेल मैदानों में नियमित साफ-सफाई तथा जल संस्थान को टैंकरों के माध्यम से शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी जसवंत खड़ायत ने बताया कि प्रदेश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने, युवाओं और दिव्यांगजनों को खेलों से जोड़ने, नशामुक्त उत्तराखंड के लक्ष्य तथा फिट इंडिया मूवमेंट को ग्राम पंचायत स्तर तक पहुंचाने के उद्देश्य से त्रिस्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 1 से 10 सितंबर तक न्याय पंचायत स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी, जिनमें अंडर-14 और अंडर-19 वर्ग के बालक-बालिकाएं कबड्डी, खो-खो, मुर्गा झपट और एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे। इसके बाद 11 से 20 सितंबर तक विधानसभा क्षेत्र स्तर पर विधायक चैम्पियनशिप ट्रॉफी और 21 से 30 सितंबर तक संसदीय क्षेत्र स्तर पर सांसद चैम्पियनशिप ट्रॉफी आयोजित की जाएगी। अंतिम चरण में मलखम्ब, रस्साकशी और गोली जैसे पारंपरिक खेल भी शामिल किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि 20 से 25 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं के लिए सीधे राज्य स्तर पर ओपन प्रतियोगिता आयोजित होगी, जबकि दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए एथलेटिक्स, बैडमिंटन और तैराकी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
जिला युवा कल्याण अधिकारी ने बताया कि इस वर्ष खेल महाकुंभ में बेसबॉल और लॉन टेनिस को नई खेल विधाओं के रूप में शामिल किया गया है। जनपद चंपावत की 24 न्याय पंचायतों में खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
बैठक में मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह, जिला क्रीड़ा अधिकारी चंदन सिंह बिष्ट, डीपीआरओ महेश कुमार, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बलबीर सिंह, जिला क्रीड़ा समन्वयक प्रदीप बोरा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।










