✍️राज्य स्तरीय जूनियर एथलेटिक्स में चकरपुर स्टेडियम का जलवा, खिलाड़ियों ने जीते 20 पदक👉

✍️राज्य स्तरीय जूनियर एथलेटिक्स में चकरपुर स्टेडियम का जलवा, खिलाड़ियों ने जीते 20 पदक👉

ख़बर शेयर कर सपोर्ट करें

Time 24×7Tak

कोच गोविंद सिंह खाती के मार्गदर्शन में अंडर-14 से अंडर-20 तक के खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए चयन

खटीमा। देहरादून के महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज परिसर स्थित रायपुर के गंगा स्टेडियम में 27 और 28 अगस्त को आयोजित उत्तराखंड राज्य स्तरीय जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में वन चेतना केंद्र स्टेडियम चकरपुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 20 पदक अपने नाम किए। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से खटीमा समेत ऊधम सिंह नगर जिले का नाम प्रदेशभर में रोशन हुआ है।

मुख्य खेल प्रशिक्षक गोविंद सिंह खाती के मार्गदर्शन और नियमित प्रशिक्षण का परिणाम प्रतियोगिता में साफ देखने को मिला। चकरपुर के खिलाड़ियों ने अंडर-14 से लेकर अंडर-20 आयु वर्ग तक विभिन्न ट्रैक एंड फील्ड स्पर्धाओं में स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

स्वर्ण पदक में चमकीं चकरपुर की प्रतिभाएं
अंडर-16 वर्ग में दिव्या ने ऊंची कूद और 80 मीटर बाधा दौड़ में स्वर्ण पदक जीतकर दोहरी सफलता हासिल की। अंडर-14 वर्ग में ज्योति जोशी ने किड्स जैवलिन, अंडर-16 में दीप दिगारी ने ऊंची कूद, जबकि अंडर-20 वर्ग में वेदांत कन्याल ने हैमर थ्रो, मोहम्मद वसीम ने डेकाथलॉन और काजल चंद ने हैमर थ्रो में स्वर्ण पदक जीता।

रजत पदक विजेताओं ने भी छोड़ी छाप
अंडर-14 में दिया भट्ट ने ट्रायथलॉन-ए में रजत पदक हासिल किया। अंडर-16 वर्ग में आदित्य भट्ट ने शॉटपुट, नयन भट्ट ने जैवलिन थ्रो और तनुजा फिकवाल ने 80 मीटर बाधा दौड़ में रजत पदक जीता। अंडर-18 में हर्ष सामंत ने हेप्टाथलॉन और अंडर-20 में नीतू चंद ने हेप्टाथलॉन में रजत पदक अपने नाम किया।

कांस्य पदकों की भी लगी झड़ी
कड़े मुकाबलों में लव कुमार ने हेप्टाथलॉन, प्रियांशु कपरी ने ऊंची कूद, माही पोखरिया ने 200 और 400 मीटर दौड़ में दो पदक, अंशिका और खुशी ने जैवलिन थ्रो तथा मोहित पोखरिया ने डिस्कस थ्रो में कांस्य पदक हासिल किया।

नार्थ जोन और राष्ट्रीय प्रतियोगिता में दिखेगा दमखम

प्रतियोगिता में स्वर्ण और रजत पदक जीतने वाले खिलाड़ियों का चयन आगामी नार्थ जोन जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए हुआ है, जिसका आयोजन देहरादून में 14 से 16 सितंबर 2026 तक किया जाएगा। इसके अलावा खिलाड़ियों का चयन 41वीं जूनियर नेशनल एथलेटिक्स चैंपियनशिप, चेन्नई के लिए भी हुआ है। चयनित खिलाड़ी आगामी प्रतियोगिताओं में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।

खेल जगत ने दी खिलाड़ियों और कोच को बधाई

चकरपुर के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर जिला क्रीड़ा अधिकारी जानकी कार्की, उत्तराखंड सिलेक्शन कमेटी के चेयरमैन बिजेंद्र चौधरी, उत्तराखंड एथलेटिक्स एसोसिएशन के सचिव केजेएस कलसी, रघुवीर सिंह, एथलेटिक्स प्रशिक्षक हरीश राम और सरफराज चौधरी समेत खेल जगत से जुड़े लोगों ने प्रसन्नता जताई।

उन्होंने मुख्य कोच गोविंद सिंह खाती और सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद चकरपुर के खिलाड़ियों ने जिस तरह प्रदेश स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है, वह अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक है।

वहीं, खटीमा क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने भी खिलाड़ियों एवं कोच गोविंद सिंह खाती का उत्साह बढ़ाते हुए मिठाई बांटकर खुशी मनाई।


ख़बर शेयर कर सपोर्ट करें
error: Content is protected !!