Time 24×7Tak
खटीमा UK खटीमा 👉 खेतलसंडा खाम रेलवे स्टेशन के पुराने फाटक के पास दो लोगों के शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस के साथ कथित तौर पर विरोध और कानून-व्यवस्था में बाधा डालने के मामले में पुलिस ने 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, सभी के खिलाफ धारा 172(1) बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के मुताबिक, रविवार को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि खेतलसंडा खाम रेलवे स्टेशन के पुराने फाटक के पास दो लोग बेहोशी की हालत में पड़े हैं। सूचना पर चीता मोबाइल मौके पर पहुंची, जहां रेलवे पटरी के पास दो शव पड़े मिले। प्रथम दृष्टया दोनों शवों पर कोई जाहिरा चोट के निशान नहीं दिखाई दिए।
सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी खटीमा नीरज सेमवाल, प्रभारी निरीक्षक विजेंद्र साह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक केसी आर्या समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों की शिनाख्त और घटना के संबंध में जानकारी जुटाने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस का आरोप है कि इस दौरान मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करना शुरू कर दिया और अधिकारियों द्वारा दिए गए विधिपूर्ण निर्देशों का पालन नहीं किया।
पुलिस के अनुसार, मौके पर मौजूद लोगों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने और पुलिस कार्रवाई में बाधा नहीं डालने के लिए समझाया गया, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने निर्देशों की अवहेलना जारी रखी। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने 11 लोगों को रात करीब 12:30 बजे हिरासत में लिया। पुलिस ने बताया कि आवश्यकतानुसार आरोपियों को सक्षम मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
पुलिस ने मौके पर स्थिति को नियंत्रित करते हुए शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखी। साथ ही संबंधित लोगों को भविष्य में पुलिस के विधिपूर्ण निर्देशों का पालन करने के लिए चेतावनी दी गई।
गिरफ्तार किए गए लोगों में निहाल सैनी उर्फ चिकू, दीपक सिंह बिष्ट, कपिल सक्सेना, ओमप्रकाश, मुकेश सक्सेना, रवि शर्मा, ललित सिंह, सुशीला देवी, किरन सैनी, आरती देवी और शान्ति देवी शामिल हैं।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में क्षेत्राधिकारी नीरज सेमवाल, प्रभारी निरीक्षक विजेंद्र साह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक केसी आर्या, उपनिरीक्षक जीवन चुफाल, उपनिरीक्षक वेदपाल सिंह समेत पुलिसकर्मी विजय रावत, उमेश जोशी, कमल पाल, महिला कांस्टेबल विद्या रानी और शान्ति गिरी शामिल रहे।










