पिथौरागढ़👉विकासखंड मूनाकोट के ग्राम देवदार में शुक्रवार को विकासखंड स्तरीय पशु प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। मुख्य पशुचिकित्साधिकारी पिथौरागढ़ के निर्देशन में आयोजित इस प्रदर्शनी में क्षेत्र के 45 पशुपालकों ने अपने 70 पशुओं के साथ प्रतिभाग किया। प्रदर्शनी में पशुपालकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपने पशुओं की विशेषताओं का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ज्येष्ठ प्रमुख जीवन सिंह वल्दिया तथा ग्राम प्रधान सुनील थापा मौजूद रहे। प्रदर्शनी के दौरान गाय, बकरा और बकरी समेत विभिन्न श्रेणियों में पशुओं का परीक्षण कर उत्कृष्ट पशुओं का चयन किया गया। इसमें विमला देवी की गाय को सर्वश्रेष्ठ पशु घोषित करते हुए चैंपियन का खिताब प्रदान किया गया।
प्रतियोगिता की विभिन्न श्रेणियों में विमला देवी, प्रकाश कोहली, गीता वल्दिया और दिगर सिंह ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं खीमा देवी, चंद्रा वल्दिया, मोहनी देवी और देवकी देवी को द्वितीय स्थान मिला। जबकि गंगा देवी, कलावती देवी, भुना देवी और सपना कोहली ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
आयोजकों ने विजेता पशुपालकों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया। इस दौरान पशुपालन को बढ़ावा देने और पशुओं की बेहतर देखभाल के प्रति पशुपालकों को प्रोत्साहित किया गया।








