✍️ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत, चालक गिरफ्तार👉

✍️ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत, चालक गिरफ्तार👉

ख़बर शेयर कर सपोर्ट करें

रामनगर👉 मालधन क्षेत्र में गुरुवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से साइकिल सवार बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। घटना से गांव में शोक की लहर है।

जानकारी के अनुसार, तुमड़िया डैम प्रथम निवासी प्रेम सिंह (60) पुत्र हरनाम सिंह गुरुवार दोपहर करीब तीन से चार बजे के बीच घर के समीप स्थित एक डॉक्टर की दुकान से दवा लेकर साइकिल से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी साइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रेम सिंह ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे आ गए और गंभीर रूप से कुचले जाने के कारण उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोक लिया, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर मालधन चौकी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र में घेराबंदी कर चालक की तलाश शुरू की। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए फरार चालक को गिरफ्तार कर लिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर पुलिस बल भी तैनात किया गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में शव परिजनों को सौंप दिया। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

बताया जाता है कि प्रेम सिंह के परिवार पर पहले ही दुखों का पहाड़ टूट चुका था। उनकी पत्नी का कुछ वर्ष पूर्व निधन हो गया था। घर में वह अपने एक दिव्यांग पुत्र के साथ रहते थे, जबकि उनकी दो बेटियों का विवाह हो चुका है। प्रेम सिंह की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों ने सड़क हादसे पर नाराजगी जताते हुए दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


ख़बर शेयर कर सपोर्ट करें
error: Content is protected !!