टनकपुर। नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत टनकपुर पुलिस ने दो युवकों को 9.7 ग्राम अवैध हेरोइन (स्मैक) के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन, 500 रुपये नकद और एक वैगनआर कार भी बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक चम्पावत रेखा यादव के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी टनकपुर निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत यह कार्रवाई की गई। टनकपुर पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम बिचई स्थित नवयोग शोध केंद्र के समीप चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध युवकों को पकड़ा। तलाशी लेने पर उनके पास से 9.7 ग्राम अवैध हेरोइन (स्मैक) बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक कश्यप (32) निवासी घसियारा मंडी, वार्ड नंबर 9 तथा सोनू कुमार (32) निवासी विष्णुपुरी कॉलोनी, वार्ड नंबर 11, टनकपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन, 500 रुपये नकद और सफेद रंग की वैगनआर कार संख्या UK03 TA 2559 बरामद की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली टनकपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अकरम अहमद, हेड कांस्टेबल कमल कुमार, रियाज अख्तर, एसओजी के हेड कांस्टेबल मोहम्मद नासिर और कांस्टेबल ललित चौधरी शामिल रहे।








