✍️बुजुर्गों के बीच पहुंचे एसएसपी मंजूनाथ टी.सी., ग्रामीणों से किया सीधा संवाद👉

✍️बुजुर्गों के बीच पहुंचे एसएसपी मंजूनाथ टी.सी., ग्रामीणों से किया सीधा संवाद👉

ख़बर शेयर कर सपोर्ट करें

पाटकोट और रामपुर में सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, बच्चों को पिलाई पोलियो की खुराक, साइबर ठगी से बचाव के लिए किया जागरूक

नैनीताल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने रविवार को कोटाबाग क्षेत्र के दूरस्थ गांव पाटकोट और रामपुर का भ्रमण कर ग्रामीणों एवं वरिष्ठ नागरिकों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने बुजुर्गों का हालचाल जाना और उनकी समस्याओं तथा सुझावों को सुनते हुए पुलिस की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

ग्रामीणों और बुजुर्गों से बातचीत के दौरान एसएसपी ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा और उनकी सहायता नैनीताल पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने ग्रामीणों को कोटाबाग और बैलपड़ाव चौकी प्रभारियों के मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराए, जिससे किसी भी परेशानी या आपात स्थिति में वे सीधे पुलिस से संपर्क कर सकें। इस दौरान ग्राम प्रधान रमेश चंद्र समेत स्थानीय लोगों से भी क्षेत्र की समस्याओं पर चर्चा की गई।

एसएसपी ने संबंधित चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे नियमित रूप से गांवों में रहने वाले बुजुर्गों से संपर्क बनाए रखें और उनकी कुशलक्षेम लेते रहें। खासकर अकेले रहने वाले वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं को प्राथमिकता से लेते हुए जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाए।

इसके बाद एसएसपी पीएसपी हॉस्पिटल में संचालित पोलियो अभियान बूथ पर पहुंचे। यहां उन्होंने छोटे बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान में सहभागिता की। साथ ही अभिभावकों से बातचीत कर बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं।

भ्रमण के दौरान एसएसपी ने ग्रामीणों को साइबर अपराधों और ऑनलाइन धोखाधड़ी के तरीकों की जानकारी देते हुए सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी या गोपनीय विवरण साझा न करें। साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

इस अवसर पर चौकी प्रभारी कोटाबाग उपनिरीक्षक देवेंद्र राणा, चौकी प्रभारी बैलपड़ाव उपनिरीक्षक राजवीर सिंह नेगी सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।


ख़बर शेयर कर सपोर्ट करें
error: Content is protected !!