निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयसीमा पर रहेगा विशेष जोर, अधूरे कार्य शीघ्र पूरे करने के दिए निर्देश
चम्पावत। जनपद में आपदा सुरक्षा से जुड़े निर्माण एवं सुरक्षात्मक कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के लिए जिलाधिकारी मनीष कुमार ने विभागीय अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। शनिवार को वर्चुअल माध्यम से आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने स्पष्ट किया कि आपदा सुरक्षा के कार्यों की प्रतिदिन निगरानी की जाएगी। साथ ही निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा जाए।
बैठक में राज्य आपदा मोचन निधि (एसडीआरएफ), जिलाधिकारी मद (नॉन एसडीआरएफ) और राज्य आपदा न्यूनीकरण निधि के तहत स्वीकृत कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को द्वितीय किस्त जारी करने के लिए जरूरी अभिलेख और कार्यों की प्रगति रिपोर्ट समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने पूर्ण हो चुके कार्यों के उपयोगिता प्रमाण पत्र भी जल्द जमा कराने को कहा।
जिलाधिकारी ने कहा कि निर्माणाधीन कार्यों की नियमित निगरानी की जाए और प्रतिदिन उनकी प्रगति की समीक्षा हो। जिन कार्यों में देरी हो रही है, उनमें संबंधित विभाग और कार्यदायी संस्थाएं आपसी समन्वय बनाकर बाधाओं को दूर करें, ताकि निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी कार्य पूरे किए जा सकें।
उन्होंने प्रत्येक निर्माण स्थल पर सूचना बोर्ड लगाने के निर्देश देते हुए कहा कि बोर्ड पर संबंधित कार्य का पूरा विवरण अंकित होना चाहिए, जिससे स्थानीय नागरिकों को निर्माण कार्यों की जानकारी मिल सके। इसके अलावा कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए थर्ड पार्टी जांच कराने पर भी जोर दिया।
बैठक में जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणाओं से संबंधित योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला योजना के अंतर्गत संचालित विकास कार्यों में भी तेजी लाने को कहा, ताकि विकास योजनाओं का लाभ आमजन तक समय पर पहुंच सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री के आदर्श चम्पावत के संकल्प को साकार करने के लिए सभी विभाग अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें और विकास कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में पूरा करना सुनिश्चित करें।
बैठक में प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल, सभी खंड विकास अधिकारी तथा विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।








