चम्पावत। बनबसा सैन्य स्टेशन में 23 से 29 नवंबर 2026 तक अग्निवीर भर्ती रैली का आयोजन किया जाएगा। इस भर्ती रैली में चम्पावत और पिथौरागढ़ जिले के अभ्यर्थी प्रतिभाग करेंगे। सेना भर्ती कार्यालय पिथौरागढ़ की ओर से भर्ती की सभी तैयारियां पूरी की जा रही हैं।
सेना भर्ती कार्यालय (एआरओ) पिथौरागढ़ के कर्नल अमोल दबडघाव ने बताया कि भर्ती वर्ष 2027 के तहत उत्तराखंड में आयोजित की जा रही अग्निवीर भर्ती रैलियों की श्रृंखला में यह तीसरी रैली है। इसका आयोजन जोनल भर्ती कार्यालय (उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड) के अधीन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि पिथौरागढ़ जिले के अग्निवीर जनरल ड्यूटी (जीडी) अभ्यर्थियों के लिए 23, 24 और 25 नवंबर की तिथियां निर्धारित की गई हैं। वहीं चम्पावत जिले के जीडी अभ्यर्थियों को 26 और 27 नवंबर को भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर मिलेगा। इसके अलावा दोनों जिलों के अग्निवीर तकनीकी और ट्रेड्समैन (आठवीं एवं दसवीं उत्तीर्ण) श्रेणी के अभ्यर्थियों की भर्ती 27 नवंबर को आयोजित होगी।
कर्नल दबडघाव ने स्पष्ट किया कि भर्ती रैली में केवल वही युवा शामिल हो सकेंगे, जिन्होंने 1 से 12 जून 2026 के बीच आयोजित ऑनलाइन सामान्य प्रवेश परीक्षा (सीईई) उत्तीर्ण की है। अभ्यर्थियों को अपने प्रवेश पत्र में निर्धारित तिथि और समय के अनुसार बनबसा सैन्य स्टेशन पहुंचना होगा। साथ ही प्रवेश पत्र के अलावा भर्ती अधिसूचना में उल्लिखित सभी आवश्यक मूल दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य होगा।
उन्होंने युवाओं से अपील की कि भर्ती प्रक्रिया को लेकर किसी भी दलाल, एजेंट या बिचौलिए के झांसे में न आएं और नौकरी दिलाने के नाम पर किसी को धनराशि न दें। सेना और प्रशासन भर्ती प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता तथा योग्यता के आधार पर संपन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं। कोई भी व्यक्ति भर्ती में चयन की गारंटी नहीं दे सकता और न ही प्रक्रिया को प्रभावित कर सकता है।
उन्होंने अभ्यर्थियों को आगाह किया कि दस्तावेजों में किसी प्रकार की छेड़छाड़ या फर्जीवाड़ा न करें। एक से अधिक आधार पहचान पत्रों का उपयोग करने अथवा शैक्षिक प्रमाणपत्रों में जन्मतिथि बदलने जैसी अनियमितताएं सामने आने पर संबंधित अभ्यर्थियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।








