डबल हेलमेट अभियान के तहत एसपी ने किया जागरूक, चालक के साथ पीछे बैठी सवारी को भी हेलमेट पहनने की दी नसीहत
बनबसा👉 सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक चम्पावत रेखा यादव ने 28 नवंबर को बनबसा क्षेत्र में विशेष जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान एसपी स्वयं सड़क पर पहुंचीं और बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चला रहे लोगों को हेलमेट वितरित कर सुरक्षित सफर का संदेश दिया।
अभियान के दौरान एसपी रेखा यादव ने वाहन चालकों को बताया कि सड़क पर सुरक्षा की जिम्मेदारी केवल चालक की ही नहीं, बल्कि पीछे बैठकर सफर करने वाले व्यक्ति की भी है। उन्होंने दोपहिया वाहन पर चालक के साथ पीछे बैठी सवारी के लिए भी हेलमेट पहनना अनिवार्य बताते हुए आईएसआई मार्क वाले गुणवत्तापूर्ण हेलमेट का इस्तेमाल करने और उसकी स्ट्रैप सही तरीके से बांधने की अपील की।
उन्होंने वाहन चालकों को तेज रफ्तार से वाहन न चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने तथा नशे की हालत में ड्राइविंग से पूरी तरह बचने की हिदायत दी। साथ ही सभी से यातायात नियमों का पालन कर स्वयं के साथ दूसरों की जिंदगी सुरक्षित रखने का आह्वान किया।
एसपी ने कहा कि हेलमेट केवल पुलिस कार्रवाई और चालान से बचने का साधन नहीं, बल्कि अनमोल जिंदगी की सुरक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने लोगों से यातायात नियमों को अपनी आदत में शामिल करने की अपील की।








