रुद्रपुर👉 आरटीओ कार्यालय के नाम पर वाहन स्वामियों से अवैध वसूली करने के मामले में स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की कुमाऊं यूनिट ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी सरकारी कार्य कराने के नाम पर लोगों से निर्धारित शुल्क से अधिक रकम वसूल रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 75 वाहन पंजीकरण प्रमाणपत्र (आरसी), सात ड्राइविंग लाइसेंस और 19 फॉर्म-30 सहित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं।
एसटीएफ को सूचना मिली थी कि रुद्रपुर स्थित आरटीओ कार्यालय के समीप जिला सैनिक विश्राम गृह के गेट के पास दो निजी वाहनों में बैठकर कुछ लोग वाहन संबंधी दस्तावेज बनवाने के नाम पर लोगों से अतिरिक्त धनराशि वसूल रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसटीएफ कुमाऊं यूनिट ने थाना पंतनगर पुलिस के साथ संयुक्त टीम गठित कर मौके पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान दोनों वाहनों में लैपटॉप और प्रिंटर के माध्यम से दस्तावेज तैयार करने का काम संचालित होता मिला।
पुलिस ने मौके से प्रवीण बाछाड़ पुत्र विकास बाछाड़ निवासी चन्दीपुर विजयपुर, थाना दिनेशपुर और पंकज कांति सेन पुत्र स्वर्गीय स्वदेश कांति सेन निवासी वार्ड नंबर-03, ट्रांजिट कैंप, ऊधमसिंह नगर को गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे आरटीओ कार्यालय से संबंधित कार्य कराने के लिए वाहन स्वामियों से संपर्क करते थे और सरकारी शुल्क की सही जानकारी दिए बिना उनसे निर्धारित फीस से अधिक रकम वसूलते थे। जांच के दौरान कुछ डुप्लीकेट आरसी और ड्राइविंग लाइसेंस निजी लैब से तैयार कराकर उपलब्ध कराने का मामला भी सामने आया है। एसटीएफ इस पूरे नेटवर्क की गहनता से जांच कर रही है, ताकि इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाया जा सके।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 75 आरसी, सात ड्राइविंग लाइसेंस, 19 फॉर्म-30, उनके साथ संलग्न आरसी, आधार कार्ड व पैन कार्ड के अलावा एक लैपटॉप, प्रिंटर, माउस, लैपटॉप एडॉप्टर और इंटरनेट डिवाइस बरामद किया। दस्तावेज तैयार करने में इस्तेमाल किए जा रहे दोनों निजी वाहनों को भी कब्जे में लिया गया है।
संयुक्त कार्रवाई में एसटीएफ कुमाऊं परिक्षेत्र के पुलिस उपाधीक्षक राकेश बिष्ट, प्रभारी निरीक्षक विकास चौधरी, उपनिरीक्षक विपिन जोशी सहित एसटीएफ के अन्य पुलिसकर्मी तथा थाना पंतनगर के उपनिरीक्षक अनिल मेहता और कांस्टेबल कृपाल सिंह शामिल रहे।








