
खखटीमा। विद्युत लाइन से केबल चोरी करने के मामले में खटीमा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई करीब ₹2.50 लाख कीमत की विद्युत केबल तथा घटना में इस्तेमाल की गई कार बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 20 अगस्त को 33/11 केवी उप संस्थान हल्दी के अवर अभियंता विनोद चंद्र जोशी ने डायल-112 के माध्यम से सूचना दी कि ग्राम चंदेली में अज्ञात लोगों ने 11 केवी कृषि फीडर की विद्युत लाइन से केबल काटकर चोरी कर ली है। चोरी के बाद आरोपी केबल को काले रंग की कार में लेकर बंडिया की ओर फरार हो रहे थे। विद्युत विभाग की चोरी-रोधक एवं निगरानी टीम आरोपियों का पीछा कर रही थी।
सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी 17मील मझौला उपनिरीक्षक किशोर पंत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने विद्युत विभाग की टीम के सहयोग से ग्राम बंडिया स्थित भीम कॉलोनी के पास संदिग्ध कार UK-06-BF-0797 को रोक लिया। कार में सवार चार लोगों को हिरासत में लेकर वाहन की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार से करीब 2 से 3 फीट लंबे विद्युत केबल के लगभग 165 टुकड़े बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपियों ने खटीमा क्षेत्र में पूर्व में भी विद्युत केबल चोरी कर उसे कबाड़ियों को बेचने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब चोरी की अन्य घटनाओं और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। साथ ही आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है।
पुलिस ने मामले में अलीम पुत्र सगीर अहमद निवासी सिरौलीकला, थाना पुलभट्टा, जुनैद पुत्र लियाकत अली निवासी दोपहरिया रोड सिरौलीकला, थाना पुलभट्टा, मो. अय्यूब पुत्र मो. ईषू निवासी सिरौलीकला, थाना पुलभट्टा तथा पिन्टू कुमार सिंह पुत्र राजेश सिंह निवासी नगला, थाना पंतनगर को गिरफ्तार किया है।
अवर अभियंता की तहरीर के आधार पर थाना खटीमा में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और पूछताछ के आधार पर अन्य आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।










