✍️चम्पावत जिला अस्पताल में शुरू हुई ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट, मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत👉

✍️चम्पावत जिला अस्पताल में शुरू हुई ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट, मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत👉

ख़बर शेयर कर सपोर्ट करें

Time 24×7Tak

चम्पावत UK                                                              चम्पावत 👉 सीमांत जनपद चम्पावत में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। जिला चिकित्सालय चम्पावत में करीब 50 लाख रुपये की लागत से स्थापित ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री की ओर से दायित्वधारी श्याम नारायण पाण्डेय सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने जिला चिकित्सालय परिसर में दीप प्रज्वलित कर एवं फीता काटकर यूनिट का उद्घाटन किया।

इस सुविधा के शुरू होने के बाद जिला अस्पताल में रक्त के आवश्यक घटक स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगे। दुर्घटना, प्रसव के दौरान अत्यधिक रक्तस्राव, ऑपरेशन, गंभीर बीमारी तथा अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को समय पर रक्त घटक उपलब्ध कराने में इससे बड़ी मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि चम्पावत उनके लिए केवल विधानसभा क्षेत्र नहीं, बल्कि कर्मभूमि है और यहां की जनता उनके परिवार का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है। करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से 50 बेड का क्रिटिकल केयर ब्लॉक, सीटी स्कैन, एमआरआई और डायलिसिस जैसी सुविधाएं विकसित की जा चुकी हैं। इसके अलावा डायग्नोस्टिक विंग और ऑपरेशन थिएटर का निर्माण भी जारी है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। चम्पावत को आदर्श जनपद बनाने के उद्देश्य से आधुनिक पार्किंग, सिटी ड्रेनेज सिस्टम, भूमिगत विद्युत लाइन, पेयजल व्यवस्था, साइंस सेंटर, महिला स्पोर्ट्स कॉलेज और आधुनिक आईएसबीटी जैसी योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि चम्पावत स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में पूरे प्रदेश के लिए उदाहरण बने।

एक यूनिट रक्त से कई मरीजों को लाभ

ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट में दान किए गए रक्त को उसके प्रमुख घटकों पैक्ड रेड ब्लड सेल्स (PRBC), प्लाज्मा और प्लेटलेट्स में अलग किया जा सकेगा। मरीज की बीमारी और चिकित्सकीय जरूरत के अनुसार संबंधित रक्त घटक उपलब्ध कराया जाएगा। इससे रक्त का वैज्ञानिक एवं जरूरत के अनुरूप उपयोग सुनिश्चित होगा और एक यूनिट रक्त से अलग-अलग जरूरत वाले मरीजों को लाभ मिल सकेगा।

यूनिट के संचालन से दूरस्थ एवं सीमांत क्षेत्रों से जिला अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को विशेष राहत मिलेगी। आवश्यक रक्त घटक के लिए दूसरे बड़े चिकित्सा केंद्रों की ओर रेफर करने की जरूरत कम होगी, जिससे उपचार में लगने वाला महत्वपूर्ण समय बचेगा।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान ने कहा कि यह यूनिट जिले में गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि इससे स्वैच्छिक रक्तदान को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की जिंदगी बचाने में योगदान दिया जा सकता है।

चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल ने यूनिट के शुभारंभ को जनपद के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए चम्पावत वासियों को बधाई दी।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सामन्त, जिला महामंत्री मुकेश कलखुडिया , जिला पंचायत अध्यक्ष आनन्द सिंह अधिकारी, दायित्वधारी श्याम नारायण पाण्डेय, मुकेश महराना, मनोज कालाकोटी, हेमा जोशी, किरन देवी, महिला युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष दीपा जोशी, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, प्रदेश मंत्री निर्मल माहरा, नगर मंडल अध्यक्ष सुनील पुनेठा, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष प्रकाश बिनबाल, नोडल अधिकारी केदार सिंह बृजवाल, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मुख्य विकास अधिकारी जीएस खाती, अपर जिलाधिकारी केएन गोस्वामी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। वर्चुअल माध्यम से मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, वरिष्ठ भाजपा नेता सतीश पाण्डेय और दायित्वधारी सुभाष बगौली भी कार्यक्रम से जुड़े।


ख़बर शेयर कर सपोर्ट करें
error: Content is protected !!