✍️टनकपुर-बनबसा को मिलेगी अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक पहचान, इंडो-नेपाल ड्राई पोर्ट से खुलेंगे विकास के नए रास्ते👉

✍️टनकपुर-बनबसा को मिलेगी अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक पहचान, इंडो-नेपाल ड्राई पोर्ट से खुलेंगे विकास के नए रास्ते👉

ख़बर शेयर कर सपोर्ट करें

बनबसा के गुदमी क्षेत्र में निर्माणाधीन परियोजना का नोडल अधिकारी एवं विधायक प्रतिनिधि ने किया संयुक्त निरीक्षण

टनकपुर/बनबसा। सीमांत जनपद चम्पावत के बनबसा स्थित गुदमी क्षेत्र में निर्माणाधीन इंडो-नेपाल ड्राई पोर्ट भविष्य में भारत और नेपाल के बीच व्यापारिक गतिविधियों को नई दिशा देने के साथ ही टनकपुर-बनबसा क्षेत्र की आर्थिक तस्वीर बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इस परियोजना के पूरा होने से दोनों देशों के बीच आयात-निर्यात, माल परिवहन और व्यापारिक आवागमन को अधिक व्यवस्थित एवं सुविधाजनक बनाया जा सकेगा।

निर्माणाधीन ड्राई पोर्ट की प्रगति और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय चम्पावत/टनकपुर के नोडल अधिकारी केदार सिंह बृजवाल तथा विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार ने संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परियोजना से जुड़ी व्यवस्थाओं और इसके माध्यम से क्षेत्र में विकसित होने वाली संभावनाओं का जायजा लिया।

भारत-नेपाल सीमा पर विकसित किया जा रहा यह आधुनिक व्यापारिक केंद्र आयात-निर्यात, सीमा शुल्क, सुरक्षा, माल परिवहन और भंडारण जैसी सुविधाओं को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। इससे दोनों देशों के बीच व्यापारिक प्रक्रिया को गति मिलने के साथ परिवहन एवं लॉजिस्टिक्स व्यवस्था भी मजबूत होगी।

परियोजना के शुरू होने से स्थानीय किसानों, उत्पादकों और व्यापारियों को अपने उत्पादों के लिए नए बाजार उपलब्ध होने की उम्मीद है। इसके अलावा परिवहन, भंडारण, होटल, व्यापार और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों का विस्तार होगा, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।

ड्राई पोर्ट के विकसित होने से टनकपुर-बनबसा क्षेत्र को अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक गतिविधियों से जोड़ने में मदद मिलेगी। साथ ही चम्पावत जनपद की भौगोलिक और सामरिक स्थिति का लाभ उठाकर इसे भारत-नेपाल व्यापार के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में स्थापित करने की संभावनाएं मजबूत होंगी।

यह परियोजना सीमांत क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ ही व्यापार, उद्योग और आर्थिक विकास को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।


ख़बर शेयर कर सपोर्ट करें
error: Content is protected !!