टनकपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने टनकपुर में निर्माणाधीन शारदा घाट पुनर्विकास परियोजना का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कार्यदायी संस्था के सहायक अभियंता चंदन भारद्वाज से अब तक हुए कार्यों और आगामी निर्माण योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार को निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के लिए आवश्यकतानुसार अतिरिक्त मशीनरी और संसाधनों की व्यवस्था की जाए, ताकि निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की देरी न हो। साथ ही उन्होंने निर्माण के प्रत्येक चरण में निर्धारित मानकों का पालन करने और गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
शारदा घाट पुनर्विकास परियोजना के प्रथम चरण के लिए 107 करोड़ 35 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। उत्तराखंड निवेश एवं आधारिक संरचना विकास बोर्ड (यूआईआईडीबी) की इस महत्वाकांक्षी परियोजना का निर्माण पीआईयू-3, यूपी डीसीसी लिमिटेड, देहरादून के माध्यम से कराया जा रहा है।
‘आदर्श चम्पावत’ की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में शारदा घाट का पुनर्विकास महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। परियोजना पूरी होने के बाद टनकपुर आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही शारदा रिवर फ्रंट के विकसित होने से क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ ही टनकपुर की सांस्कृतिक एवं धार्मिक पहचान को भी नई मजबूती मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, अपर परियोजना निदेशक विम्मी जोशी, तहसीलदार पिंकी आर्या, अधिशासी अभियंता हितेश कांडपाल, सहायक अभियंता चंदन भारद्वाज सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।








