चम्पावत। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने लघु सिंचाई विभाग की ओर से संचालित कालसन–भोलेश्वर जल संरक्षण परियोजना का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ताराचौड़ स्ट्रीम में निर्माणाधीन चेकडैम तथा कालसन स्ट्रीम में तैयार चेकडैम का निरीक्षण किया। साथ ही अधिकारियों से परियोजना के तहत पूर्ण और लंबित कार्यों की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान लघु सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता विमल कुमार सूँठा ने बताया कि 261 लाख रुपये की लागत से संचालित इस परियोजना के अंतर्गत 800 कंटूर, 80 रिचार्ज पिट और 25 चेकडैम बनाए जाने प्रस्तावित हैं। अब तक सभी 800 कंटूर, 70 रिचार्ज पिट और दो चेकडैम का निर्माण पूरा कर लिया गया है।
जिलाधिकारी ने रौखेत और दुधाताल स्ट्रीम में चेकडैम निर्माण कार्य तत्काल शुरू करने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं।
उन्होंने बताया कि परियोजना के तहत निर्मित कंटूर और चेकडैम वर्षा जल के बहाव को नियंत्रित कर जल संरक्षण में सहायक होंगे। वहीं, रिचार्ज पिट के माध्यम से वर्षा जल जमीन में समाहित होकर भूजल स्तर बढ़ाने में मदद करेगा।
इस दौरान सहायक अभियंता अंकित पांडे और कनिष्ठ अभियंता गरिमा पांडे सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।








