✍️झनकईयां मेले का मुख्यमंत्री धामी ने किया शुभारंभ, स्नान घाट निर्माण की घोषणा👉

✍️झनकईयां मेले का मुख्यमंत्री धामी ने किया शुभारंभ, स्नान घाट निर्माण की घोषणा👉

ख़बर शेयर कर सपोर्ट करें

गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेककर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की, सीमांत क्षेत्र के विकास और शारदा कॉरिडोर के विस्तार पर दिया जोर

खटीमा, 24 नवंबर। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को खटीमा के ऐतिहासिक झनकईयां गंगा स्नान मेले का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने गंगा घाट पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री ने झनकईयां और नवनिर्मित पूर्णागिरि मंदिर क्षेत्र में स्नान घाट निर्माण कराने की घोषणा भी की।

मेले को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि झनकईयां मेला आस्था, लोक संस्कृति और भारत-नेपाल के पारंपरिक संबंधों का प्रतीक है। इस आयोजन में सीमांत क्षेत्रों के साथ उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु और व्यापारी पहुंचते हैं। थारू समाज सहित विभिन्न समुदायों की सांस्कृतिक भागीदारी मेले की विशेष पहचान है। उन्होंने कहा कि मेलों और पारंपरिक आयोजनों के माध्यम से हमारी लोक संस्कृति और विरासत नई पीढ़ी तक पहुंचती है।

मुख्यमंत्री ने सीमांत एवं जनजातीय क्षेत्रों के विकास पर जोर देते हुए कहा कि सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रदेश को 50 हजार अतिरिक्त आवास स्वीकृत होने की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि पात्र परिवारों को आवास उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने शारदा कॉरिडोर के तहत क्षेत्र में सुविधाओं के विस्तार तथा धार्मिक स्थलों के विकास की बात भी कही। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन और संबंधित विभागों को मेले में सुरक्षा, स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

मेले में स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने जलेबी और सिंघाड़े भी खरीदे। इसके बाद मुख्यमंत्री खटीमा के पीलीभीत रोड स्थित गुरुद्वारा साहिब पहुंचे, जहां उन्होंने कार्तिक पूर्णिमा और सिखों के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर मत्था टेककर प्रदेश की सुख-शांति और खुशहाली की कामना की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं मानवता, सेवा, प्रेम और भाईचारे का संदेश देती हैं। राज्य सरकार सिख समाज की धार्मिक विरासत और तीर्थस्थलों के संरक्षण एवं विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजना और रीठा साहिब के समीप धर्मशाला निर्माण जैसे कार्यों का भी उल्लेख किया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, दर्जा मंत्री गंभीर सिंह धामी, किशन सिंह किन्ना, फरजाना बेगम, मेला कमेटी अध्यक्ष शेर सिंह दानू, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, अपर जिलाधिकारी विनोद कुमार, निर्मला बिष्ट सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और श्रद्धालु मौजूद रहे।


ख़बर शेयर कर सपोर्ट करें
error: Content is protected !!