पिथौरागढ़। भारत और नेपाल के बीच सीमावर्ती क्षेत्रों में संपर्क व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। पिथौरागढ़ जिले की धारचूला तहसील के छारछुम गांव को नेपाल के दार्चुला जिले के असीगड़ा गांव से जोड़ने वाले भारत-नेपाल मैत्री पुल (छारछुम मोटर पुल) का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने दिल्ली से संयुक्त रूप से लोकार्पण किया।
करीब 33 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 110 मीटर लंबे इस मोटर पुल के शुरू होने से भारत और नेपाल के सीमावर्ती गांवों के बीच आवाजाही पहले से अधिक सुगम हो जाएगी। इसके साथ ही दोनों देशों के बीच व्यापारिक गतिविधियों, पर्यटन और सामाजिक-सांस्कृतिक संबंधों को भी नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।
पुल के लोकार्पण के अवसर पर छारछुम में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी आशीष भटगांई, पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे, एसएसबी के डीआईजी एस. सुब्रमणियम, कस्टम्स कमिश्नर मयंक शर्मा, नेपाल के मुख्य जिलाधिकारी वर्तराज पौडेल सहित दोनों देशों के अधिकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
मोटर पुल के शुरू होने पर सीमांत क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल देखने को मिला। स्थानीय नागरिकों ने पारंपरिक गीतों और लोकनृत्यों के जरिए अपनी प्रसन्नता व्यक्त की तथा इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए भारत और नेपाल सरकार का आभार जताया।
इस मौके पर जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने कहा कि छारछुम मोटर पुल सीमांत क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। इससे दोनों देशों के नागरिकों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी और आपसी आर्थिक एवं सामाजिक संबंधों को भी विस्तार मिलेगा।
वहीं नेपाल के मुख्य जिलाधिकारी वर्तराज पौडेल ने कहा कि पहले सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों को आवागमन के लिए झूला पुलों पर निर्भर रहना पड़ता था। मोटर पुल के निर्माण से अब वाहनों की आवाजाही भी संभव हो सकेगी। इससे लोगों के समय की बचत होगी और स्थानीय स्तर पर व्यापारिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा।
गौरतलब है कि छारछुम मोटर पुल उत्तराखंड में भारत और नेपाल के बीच निर्मित दूसरा मोटरेबल पुल है। इससे पहले बनबसा में दोनों देशों के बीच मोटर पुल के माध्यम से आवागमन संचालित हो रहा है। छारछुम पुल के चालू होने से सीमांत क्षेत्र में आवागमन की सुविधाओं का विस्तार होने के साथ ही व्यापार, पर्यटन और क्षेत्रीय आर्थिक विकास के नए रास्ते खुलने
की संभावना है।








