चम्पावत, 10 नवंबर। धौन क्रिकेट मैदान में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने पहुंचकर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। इस दौरान उन्होंने मैदान में मौजूद खिलाड़ियों से मुलाकात की और खेलों के प्रति उनके उत्साह की सराहना करते हुए बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
मैदान पहुंचने पर नौनचूला क्रिकेट कमेटी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने जिलाधिकारी का स्वागत किया। 4 से 13 नवंबर तक आयोजित हो रही इस प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए जिलाधिकारी ने आयोजन समिति की प्रशंसा की।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। ऐसे में सीमांत क्षेत्र के युवाओं द्वारा स्थानीय स्तर पर क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित करना एक सकारात्मक और सराहनीय कदम है। इससे ग्रामीण प्रतिभाओं को अपनी खेल क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है और युवाओं में अनुशासन, टीम भावना एवं सकारात्मक सोच का विकास होता है।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे पढ़ाई के साथ-साथ खेलों को भी अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं तथा खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करें। साथ ही उन्होंने नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर अपने भविष्य को बेहतर बनाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान नौनचूला क्रिकेट कमेटी के सदस्यों ने खिलाड़ियों के लिए क्रिकेट किट उपलब्ध कराने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया।इस मौके पर आयोजन समिति के नवीन रावत, शंकर भट्ट, चन्द्र प्रकाश भट्ट, बंशीधर भट्ट, अमित सिंह और रविन्द्र भट्ट सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी एवं खेलप्रेमी मौजूद रहे।








