खटीमा। जनपद ऊधम सिंह नगर के खटीमा क्षेत्र में एक लापता युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। गुमशुदगी की जांच के दौरान कोतवाली खटीमा पुलिस ने हत्या की वारदात का पर्दाफाश करते हुए मृतक के ही दोस्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, नशे के इंजेक्शन को लेकर हुए विवाद और पैसों के लालच में आरोपी ने अपने दोस्त की गला घोंटकर हत्या कर दी थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी ने साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से मृतक के शव को गटर में छिपा दिया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर शव तथा हत्या में इस्तेमाल किया गया नाड़ा बरामद कर लिया है।
जांच के दौरान पुलिस ने मृतक से लूटी गई नकदी भी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास सामने आया है।एसएसपी अजय गणपति के नेतृत्व में पुलिस ने गुमशुदगी के मामले की गंभीरता से जांच करते हुए हत्या की इस वारदात का खुलासा किया। पुलिस की कार्रवाई से स्पष्ट है कि अपराधी कितना भी शातिर क्यों न हो, कानून से बच पाना आसान नहीं है।
फिलहाल पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास सहित मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।








