
Time 24×7Tak
पिथौरागढ़ UK पिथौरागढ़👉सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेरीनाग में स्वास्थ्य सेवा पखवाड़े के तहत आयोजित तीन दिवसीय विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर का समापन हो गया। 18 से 20 अगस्त तक चले शिविर में कुल 705 मरीजों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लेकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर के दौरान मरीजों की जांच, उपचार के साथ आयुष्मान कार्ड और आभा आईडी बनाने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जेएस चुफाल के निर्देशन और प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश टम्टा के नेतृत्व में आयोजित शिविर में पहले दिन 266, दूसरे दिन 272 तथा तीसरे दिन 167 मरीजों का परीक्षण एवं उपचार किया गया। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने लोगों को निःशुल्क परामर्श के साथ आवश्यक जांच और उपचार की सुविधा प्रदान की।
शिविर में सामान्य ओपीडी के अलावा आयुष्मान भारत, आभा, गैर संचारी रोग (एनसीडी), टीबी उन्मूलन, टीकाकरण और आयुष समेत विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की सेवाएं दी गईं। दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को एक ही स्थान पर विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा और जांच उपलब्ध होने से उन्हें उपचार के लिए दूर-दराज के अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ा।
अंतिम दिन 167 मरीजों की ओपीडी हुई। एनसीडी स्क्रीनिंग में 96 लोगों की जांच कर संभावित उच्च रक्तचाप और मधुमेह के मरीजों को आवश्यक परामर्श दिया गया। टीबी जांच के तहत 67 लोगों की स्क्रीनिंग, 18 स्पुटम तथा आठ ट्रूनेट जांच की गईं। एक लाभार्थी को निक्षय मित्र योजना से जोड़ा गया।
शिविर में 20 रक्त जांच, 67 एक्स-रे और पांच ईसीजी किए गए। वहीं पात्र लोगों के 10 आयुष्मान कार्ड और 48 आभा आईडी बनाए गए। इसके अलावा आठ लोगों का एचपीवी टीकाकरण भी किया गया।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविरों का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर चिकित्सा परामर्श, जांच और उपचार उपलब्ध कराना है। तीन दिनों में 705 लोगों का लाभान्वित होना क्षेत्र में इस प्रकार की स्वास्थ्य सेवाओं की जरूरत को दर्शाता है।
शिविर के सफल आयोजन में विशेषज्ञ चिकित्सकों, नर्सिंग अधिकारियों, पैरामेडिकल कर्मियों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के स्वास्थ्यकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विभाग ने बताया कि भविष्य में भी जनसामान्य को सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए ऐसे शिविर आयोजित किए जाएंगे।










