✍️मुख्यमंत्री धामी ने चम्पावत को दी 165.68 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात, 54 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास👉

✍️मुख्यमंत्री धामी ने चम्पावत को दी 165.68 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात, 54 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास👉

ख़बर शेयर कर सपोर्ट करें

टनकपुर-बनबसा में जलभराव से निपटने के लिए 86.83 करोड़ रुपये से बनेगी आधुनिक ड्रेनेज व्यवस्था, पूर्णागिरि में रोपवे और टनकपुर में अंतरराज्यीय बस अड्डे का निर्माण भी जारी

 

लोहाघाट में 256.97 करोड़ की लागत से बन रहा महिला स्पोर्ट्स कॉलेज, पांच उत्कृष्ट लाभार्थियों को मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित

 

चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को चम्पावत जनपद के विकास को नई गति देते हुए 165.68 करोड़ रुपये की लागत वाली 54 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 21 योजनाओं का लोकार्पण तथा 33 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन करने के साथ ही विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण भी किया। सरकारी योजनाओं के माध्यम से स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में बेहतर कार्य करने वाले पांच लाभार्थियों को सम्मानित किया गया।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि चम्पावत को आदर्श जनपद बनाने का संकल्प लगातार धरातल पर उतर रहा है। सरकार का प्रयास है कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे और सड़क, पेयजल, जल निकासी, पर्यटन, शिक्षा तथा स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं को और मजबूत किया जाए।

 

टनकपुर और बनबसा में लंबे समय से बनी जलभराव की समस्या के समाधान के लिए 86.83 करोड़ रुपये की लागत से जल निकासी योजना पर काम किया जाएगा। इसके तहत टनकपुर में 21 किलोमीटर से अधिक तथा बनबसा में करीब 7.7 किलोमीटर लंबाई में नालियों और ड्रेनेज सिस्टम का निर्माण एवं सुधार किया जाएगा। इससे बरसात के मौसम में दोनों क्षेत्रों के लोगों को जलभराव की परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि टनकपुर और बनबसा भारत-नेपाल के बीच व्यापार, पर्यटन और आवागमन की दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्र हैं। यहां आधारभूत सुविधाओं का विस्तार प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। टनकपुर में 237.74 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक अंतरराज्यीय बस अड्डे का निर्माण कराया जा रहा है। वहीं शारदा कॉरिडोर के तहत शारदा घाट के पुनर्विकास एवं सौंदर्यीकरण के प्रथम चरण में 107.35 करोड़ रुपये की परियोजना पर कार्य चल रहा है। पूरे कॉरिडोर की प्रस्तावित लागत तीन हजार करोड़ रुपये से अधिक है।

 

धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मां पूर्णागिरि धाम में करीब 45 करोड़ रुपये की लागत से रोपवे निर्माण का कार्य प्रगति पर है। ककरालीगेट से पूर्णागिरि धाम जाने वाले मार्ग पर किरोड़ा नाले में पुल निर्माण के लिए 48.38 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा बनबसा के गुदमी क्षेत्र में लगभग 502 करोड़ रुपये की लागत से विकसित की जा रही लैंड पोर्ट परियोजना से सीमावर्ती क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा मिलेगा।

 

पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर भी सरकार की योजनाओं की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि लोहाघाट में 256.97 करोड़ रुपये की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज का निर्माण किया जा रहा है। इससे क्षेत्र की बेटियों को खेल प्रतिभा निखारने और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही 55.53 करोड़ रुपये की लागत से साइंस सेंटर तथा करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से 50 बेड का क्रिटिकल केयर ब्लॉक भी विकसित किया जा रहा है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि आदर्श चम्पावत की परिकल्पना केवल एक जनपद तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आदर्श उत्तराखंड के निर्माण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है। सरकार का लक्ष्य है कि गांवों, सीमांत क्षेत्रों और दूरस्थ इलाकों तक विकास की सुविधाएं पहुंचें। विकास योजनाओं की सार्थकता तभी है, जब उनका सीधा लाभ आमजन के जीवन में दिखाई दे।

 

पांच लाभार्थियों को किया सम्मानित

 

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश करने वाले पांच लोगों को सम्मानित किया। इनमें ग्राम बस्टिया टनकपुर निवासी त्रिलोक सिंह सामंत को प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उन्नयन योजना, ग्राम गुदमी बनबसा की लक्ष्मी देवी को महिला बकरी पालन योजना, ग्राम उचोलीगोठ की पूजा महर को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, ग्राम बिचई के रोहित चंद को कृषि कवच (चैनलिंक फेंसिंग) तथा ग्राम गुदमी के आनंद प्रसाद को स्वरोजगार के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है। योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भर बने लोग दूसरे लोगों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत हैं।

 

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, जिला सहकारी बैंक पिथौरागढ़ के अध्यक्ष एवं प्रदेश मंत्री निर्मल माहरा, दर्जा राज्य मंत्री हेमा जोशी, किरन देवी, मनोज कालाकोटी, सुभाष बगौली और मुकेश महराना, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष पुष्पा विश्वकर्मा, जिला पंचायत सदस्य सरस्वती चंद, मुख्यमंत्री के विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार एवं प्रकाश तिवारी, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सतीश चंद्र पांडेय, जिला महामंत्री पूरन माहरा एवं मुकेश कलखुडिया, सुनीता मुरारी, मुकेश जोशी, दीपा जोशी, मुवश्शीर अली गोलू, कमलेश भट्ट, तुलसी कुँवर, नगर पंचायत अध्यक्ष रेखा देवी, नगर पालिका अध्यक्ष विपिन कुमार, ग्राम प्रधान भरत प्रसाद सहित जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, अपर जिलाधिकारी केएन गोस्वामी, उपजिलाधिकारी पूर्णागिरि प्रमोद कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

 

रिपोर्ट – सुन्दर बहादुर


ख़बर शेयर कर सपोर्ट करें
error: Content is protected !!