बनबसा👉 चम्पावत जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में बनबसा पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक युवक को 4.03 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 25 नवंबर 2026 को बनबसा पुलिस टीम कैनाल के समीप चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध अवस्था में मिले गोविन्द गुप्ता निवासी मीना बाजार, बनबसा की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 4.03 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में थाना बनबसा में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/27 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
चम्पावत पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशे से संबंधित किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी पुलिस अथवा हेल्पलाइन नंबर 1933 पर दें, ताकि नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।








