
Time 24×7Tak
चम्पावत UK बनबसा👉 भारत-नेपाल सीमा से लगे बनबसा क्षेत्र में नशीली और मन:प्रभावी दवाओं की बिक्री के खिलाफ संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की। एसएसबी की बनबसा बीओपी, एसओजी चम्पावत और थाना बनबसा पुलिस ने मंगलवार रात मीना बाजार के समीप एक दुकान में छापा मारकर प्रतिबंधित दवाओं का स्टॉक बरामद किया। मौके से दुकान संचालक को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक, गोपनीय सूचना के आधार पर टीम ने रेलवे कॉलोनी के पास स्थित दुकान की तलाशी ली। काउंटर के नीचे से 1,323 प्रॉक्सिओम-एसपीएएस कैप्सूल, 126 अल्प्राजोलाम टैबलेट, 100 वेट वीकेयर ब्रांड के कैप्सूल और कोडीन युक्त कफ सिरप की 10 बोतलें बरामद हुईं। तलाशी में 67 खाली रैपर व पैकेट भी मिले।
आरोपी की व्यक्तिगत तलाशी में 9,060 रुपये भारतीय मुद्रा और 30,700 रुपये नेपाली मुद्रा बरामद हुई। इसके अलावा एक ओप्पो मोबाइल फोन भी टीम ने कब्जे में लिया।
कार्रवाई के दौरान बन्टी पुत्र चेचेंद्र पाल (43), निवासी फागपुर, बनबसा को गिरफ्तार किया गया। बरामद सामग्री और आरोपी को थाना बनबसा लाकर एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू की गई।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर मन:प्रभावी दवाएं पीलीभीत निवासी कुलदीप सक्सेना तथा बरेली के शास्त्री मार्केट निवासी साहिल से लेने की जानकारी दी है। पुलिस अब दवाओं की आपूर्ति के स्रोत और इनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। बरामद नेपाली मुद्रा को देखते हुए सीमा पार बिक्री की संभावनाओं को भी जांच के दायरे में रखा गया है।










