✍️धौलीगंगा के उफनते पानी में फंसी 11 जिंदगियां, ITBP के जवान बने फरिश्ता; आधी रात चले रेस्क्यू ऑपरेशन में सभी सुरक्षित     तेज बहाव और बड़े-बड़े बोल्डरों के बीच फंसा वन विभाग का पिकअप वाहन, अंधेरे में रस्सियों और जंजीरों के सहारे जवानों ने आधे घंटे तक चलाया रेस्क्यू अभियान👉

✍️धौलीगंगा के उफनते पानी में फंसी 11 जिंदगियां, ITBP के जवान बने फरिश्ता; आधी रात चले रेस्क्यू ऑपरेशन में सभी सुरक्षित तेज बहाव और बड़े-बड़े बोल्डरों के बीच फंसा वन विभाग का पिकअप वाहन, अंधेरे में रस्सियों और जंजीरों के सहारे जवानों ने आधे घंटे तक चलाया रेस्क्यू अभियान👉

ख़बर शेयर कर सपोर्ट करें

पिथौरागढ़👉सीमांत क्षेत्र धारचूला में मंगलवार की आधी रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब धौलीगंगा नदी के तेज बहाव के बीच वन विभाग का पिकअप वाहन फंस गया। वाहन में सवार 11 लोगों की जान सांसत में आ गई। चारों ओर उफनती नदी और बड़े-बड़े पत्थरों के बीच फंसे लोगों की चीख-पुकार सुनकर ITBP के जवानों ने मोर्चा संभाला और अदम्य साहस का परिचय देते हुए सभी 11 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

जानकारी के अनुसार, सीपू गांव में कुछ दिन पूर्व भालू ने कई घरों में घुसकर नुकसान पहुंचाया था। इसी घटना का जायजा लेने वन बीट अधिकारी विक्रम धामी और वन आरक्षी तरुण सीपाल ग्रामीणों के साथ गांव पहुंचे थे। मंगलवार देर रात निरीक्षण पूरा करने के बाद वन विभाग के पिकअप वाहन से सभी 11 लोग धारचूला वापस लौट रहे थे। इसी दौरान धौलीगंगा नदी पार करते समय वाहन अचानक तेज जलप्रवाह और बड़े-बड़े बोल्डरों के बीच फंस गया।

 

नदी का बहाव इतना तेज था कि आसपास मौजूद लोग भी चाहकर उनकी मदद नहीं कर पा रहे थे। वाहन में चालक, दो वनकर्मी और आठ ग्रामीण फंसे हुए थे। जान बचाने के लिए सभी मदद की गुहार लगाने लगे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ग्राम प्रधान सरोजनी सीपाल ने ITBP से संपर्क कर तत्काल सहायता मांगी।

 

सूचना मिलते ही कमांडेंट संजय कुमार के निर्देश पर ढाकर पोस्ट के प्रभारी मनमोहन सिंह के नेतृत्व में ITBP की रेस्क्यू टीम घटनास्थल पर पहुंची। घुप्प अंधेरे और उफनती नदी की चुनौती के बीच जवानों ने रस्सियों और जंजीरों के सहारे बचाव अभियान शुरू किया। करीब आधे घंटे तक चले जोखिम भरे रेस्क्यू ऑपरेशन में जवानों ने एक-एक कर सभी 11 लोगों को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया। इतना ही नहीं, नदी में फंसे पिकअप वाहन को भी कड़ी मशक्कत के बाद बाहर खींच लिया गया।

 

सभी लोगों के सुरक्षित धारचूला पहुंचने के बाद ग्रामीणों और वन विभाग के कर्मचारियों ने ITBP के जवानों का आभार जताया। आधी रात को अपनी जान जोखिम में डालकर 11 लोगों की जिंदगी बचाने वाले जवानों के साहस और तत्परता की क्षेत्र में सराहना हो रही है। की दोपहर बाद बढ़ जाता है पहाड़ी नदियों का खतरा

दारमा और व्यास घाटी की नदियां हिमालयी क्षेत्र से निकलती हैं। दिन में तेज धूप पड़ने के कारण ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जमी बर्फ पिघलने लगती है, जिसका असर दोपहर बाद नदी-नालों के जलस्तर पर दिखाई देता है। अचानक बढ़ता जलप्रवाह नदी पार करने वालों के लिए जानलेवा साबित हो सकता है। धौलीगंगा की इस घटना ने एक बार फिर पहाड़ी नदियों को पार करते समय सतर्कता बरतने की जरूरत को उजागर कर दिया है।


ख़बर शेयर कर सपोर्ट करें
error: Content is protected !!