
Time 24×7Tak
चम्पावत UK चम्पावत, 24 अगस्त👉 निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी कृष्ण नाथ गोस्वामी ने की।
बैठक में जिले के मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों और अधिकृत बूथ लेवल एजेंट (बीएलए-1) शामिल हुए। इस दौरान 14 मई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण, नोटिस जारी करने तथा प्राप्त दावों और आपत्तियों के पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण को लेकर चर्चा की गई।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि विशेष पुनरीक्षण का उद्देश्य निर्वाचक नामावली को अधिक शुद्ध, पारदर्शी और अद्यतन बनाना है। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने स्तर से भी मतदाताओं को प्रक्रिया की जानकारी दें और दावे-आपत्तियों के निस्तारण में प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि पात्र मतदाताओं का नाम सूची में शामिल करने तथा गलतियों को दूर करने के लिए सभी संबंधित पक्षों का सहयोग जरूरी है।
बैठक में सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी डीएस अधिकारी, उप जिलाधिकारी (प्रशिक्षु) उज्ज्वल डालाकोटी, जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर डॉ. नारायण सिंह, तहसीलदार चम्पावत बृजमोहन आर्या सहित भाजपा के बीएलए-1 शंकर दत्त पांडे, भाजपा प्रतिनिधि रोहित बिष्ट, कांग्रेस के बीएलए-1 श्याम सिंह कार्की, कांग्रेस प्रतिनिधि धीरज सिंह नेगी सहित अन्य अधिकारी एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।










