
Time 24×7Tak
चम्पावत UK चम्पावत👉भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में मानव तस्करी, बाल भिक्षावृत्ति, बाल श्रम और बाल अपराधों की रोकथाम को लेकर चम्पावत पुलिस ने जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक रेखा यादव (IPS) के निर्देश और क्षेत्राधिकारी टनकपुर निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण में 24 अगस्त को एएचटीयू बनबसा प्रभारी एनके बचकोटी के नेतृत्व में एएचटीयू ऊधम सिंह नगर, एसएसबी तथा नेपाल में कार्यरत एनजीओ के सहयोग से संयुक्त चेकिंग एवं जन-जागरूकता अभियान संचालित किया गया।
अभियान के दौरान भारत-नेपाल सीमा पर आने-जाने वाले लोगों को मानव तस्करी के साथ ही बाल भिक्षावृत्ति, बाल श्रम, बाल अपराध, साइबर अपराध तथा महिलाओं से संबंधित अपराधों के प्रति जागरूक किया गया। टीम ने लोगों से अपील की कि सीमा क्षेत्र में किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि अथवा बच्चों और महिलाओं से जुड़ी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
पुलिस अधीक्षक रेखा यादव की सक्रिय कार्यशैली और अपराधों की रोकथाम को लेकर लगातार चलाए जा रहे जन-जागरूकता अभियानों की क्षेत्र में सराहना हो रही है। उनके निर्देशन में पुलिस द्वारा सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा के साथ-साथ आमजन को जागरूक करने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है, जिससे मानव तस्करी और बाल अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिल रही है।
पुलिस ने लोगों को जरूरी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए बताया कि चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, पुलिस 112, एंबुलेंस 108 और साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 पर सूचना दी जा सकती है।
पुलिस ने आमजन से सजग रहने की अपील करते हुए कहा कि समय पर दी गई एक सूचना किसी बच्चे का भविष्य सुरक्षित करने के साथ ही मानव तस्करी जैसे गंभीर अपराध को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।










