
Time 24×7Tak
हल्द्वानी UK हल्द्वानी👉गोरापड़ाव क्षेत्र में हथियारों के बल पर करीब आठ लाख रुपये की डकैती के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने मामले की गहन जांच करते हुए वारदात में शामिल चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक किच्छा निवासी यश सिडाना इस पूरी वारदात का मुख्य साजिशकर्ता था, जिसे 23 अगस्त को हल्द्वानी से गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तारी के दौरान यश के कब्जे से क्रेटा कार, 315 बोर का तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। वहीं अमनदीप सिंह और शिवराज सिंह को दिल्ली के डीएनडी फ्लाईओवर से पकड़ा गया, जबकि अफजल मलिक की गिरफ्तारी किच्छा से हुई।
पुलिस कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से चार तमंचे, सात जिंदा कारतूस, स्कॉर्पियो और क्रेटा कार के साथ डकैती में लूटी गई नकदी भी बरामद की गई है। मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस की मुस्तैदी से सुलझी वारदात
डकैती की गंभीर वारदात का कम समय में खुलासा पुलिस की सक्रियता और बेहतर जांच का परिणाम माना जा रहा है। एसपी के निर्देशन में पुलिस टीम ने लगातार दबिश और तकनीकी जांच के जरिए आरोपियों तक पहुंच बनाई। अलग-अलग स्थानों से हुई गिरफ्तारियों और बरामदगी ने पुलिस की कार्रवाई को और मजबूत किया है।
अब पुलिस की जांच वारदात से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने में जुटी है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि डकैती की योजना किस स्थान पर तैयार हुई और मुख्य आरोपी के साथ कौन-कौन लोग इस साजिश में शामिल थे। पुलिस की आगे की जांच से इस पूरे नेटवर्क से जुड़े कई और अहम तथ्य सामने आने की उम्मीद है।
डकैती के मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर भरोसा मजबूत हुआ है। एसपी के नेतृत्व और पुलिस टीम की तत्परता की स्थानीय स्तर पर सराहना की जा रही है।










