✍️टनकपुर-बनबसा में जलभराव से मिलेगी राहत, 69.45 करोड़ की ड्रेनेज योजनाओं को मिली मंजूरी     दोनों नगरों में आधुनिक जल निकासी व्यवस्था विकसित करने का रास्ता साफ, कार्यदायी संस्था की निविदाएं स्वीकृत👉

✍️टनकपुर-बनबसा में जलभराव से मिलेगी राहत, 69.45 करोड़ की ड्रेनेज योजनाओं को मिली मंजूरी दोनों नगरों में आधुनिक जल निकासी व्यवस्था विकसित करने का रास्ता साफ, कार्यदायी संस्था की निविदाएं स्वीकृत👉

ख़बर शेयर कर सपोर्ट करें

चम्पावत। टनकपुर और बनबसा नगर क्षेत्र में बारिश के दौरान होने वाले जलभराव और बाढ़ की समस्या से निजात दिलाने के लिए शासन स्तर पर महत्वपूर्ण पहल हुई है। दोनों नगरों में आधुनिक जल निकासी व्यवस्था विकसित करने के लिए प्रस्तावित योजनाओं की निविदाएं स्वीकृत कर दी गई हैं। इन परियोजनाओं पर करीब 69 करोड़ 45 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। योजनाओं के धरातल पर उतरने से स्थानीय लोगों, व्यापारियों और राहगीरों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आदर्श चम्पावत के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए जिलाधिकारी मनीष कुमार के नेतृत्व में जनपद में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में कार्य किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में सिंचाई विभाग की ओर से टनकपुर और बनबसा के लिए तैयार जीआईएस आधारित जल निकासी योजनाओं की डीपीआर के अनुसार कार्य कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई है।

 

विभाग ने दोनों योजनाओं के निर्माण के लिए मेसर्स एटीसी–मैकटेक संयुक्त उपक्रम की निविदाएं स्वीकार की हैं। इसके तहत टनकपुर में जल निकासी व्यवस्था विकसित करने के लिए जीएसटी सहित 53 करोड़ 96 लाख 81 हजार रुपये तथा बनबसा के लिए 15 करोड़ 48 लाख 26 हजार रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। इस संबंध में अधीक्षण अभियंता, सिंचाई कार्य मंडल पिथौरागढ़ की ओर से स्वीकृति पत्र जारी कर दिए गए हैं।

 

योजनाओं के तहत दोनों नगरों में डिजिटल मानचित्रों और भौगोलिक परिस्थितियों का अध्ययन कर बारिश के पानी की निकासी के लिए व्यवस्थित नेटवर्क तैयार किया जाएगा। इसके माध्यम से जलभराव की दृष्टि से संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर पानी की निकासी के लिए निर्धारित मार्ग विकसित किए जाएंगे।

 

परियोजनाओं के पूरा होने के बाद बरसात के दौरान सड़कों, बाजारों और रिहायशी इलाकों में पानी जमा होने की समस्या में कमी आने की उम्मीद है। इससे व्यापारिक गतिविधियों के साथ ही आम लोगों की आवाजाही भी आसान होगी। निचले क्षेत्रों में स्थित घरों और दुकानों को जलभराव से होने वाले नुकसान का खतरा भी कम हो सकेगा। दोनों योजनाओं को टनकपुर और बनबसा के शहरी बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


ख़बर शेयर कर सपोर्ट करें
error: Content is protected !!