✍️सीएम के प्रस्तावित टनकपुर दौरे की तैयारियों में जुटे डीएम मनीष कुमार, विद्यार्थियों को दिए सफलता के मंत्र👉

✍️सीएम के प्रस्तावित टनकपुर दौरे की तैयारियों में जुटे डीएम मनीष कुमार, विद्यार्थियों को दिए सफलता के मंत्र👉

ख़बर शेयर कर सपोर्ट करें

Time 24×7Tak

चम्पावत UK                                                          टनकपुर 👉 मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के 1 सितंबर को डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम राजकीय प्रौद्योगिकी संस्थान टनकपुर में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार ने संस्थान पहुंचकर कार्यक्रम की तैयारियों और विभिन्न विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उनकी सक्रियता, कार्यों की बारीकी से समीक्षा और अधिकारियों को समयबद्ध दिशा-निर्देश देने की कार्यशैली चर्चा का विषय रही।

जिलाधिकारी ने कार्यक्रम स्थल, नवनिर्मित बालिका छात्रावास, नए सृजित संकायों सहित संस्थान में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं संस्थान प्रबंधन को सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय में बेहतर ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने विश्वविद्यालय के निदेशक डॉ. एचएल मंडोरिया एवं प्रबंधन टीम के साथ परिसर का विस्तृत निरीक्षण कर विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप संस्थान के विस्तार और विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक एवं आवासीय सुविधाएं विकसित करने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। संस्थान के विस्तार के लिए 4 हेक्टेयर भूमि क्षतिपूरक वनीकरण/कैम्पा के तहत आवंटित हो चुकी है। वहीं ब्रिडकुल के माध्यम से केएमएल फाइल अपलोडिंग और ‘परिवेश’ पोर्टल पर ऑनलाइन स्वीकृतियों की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जा रही है।

विद्यार्थियों से संवाद में दिखा डीएम का प्रेरक अंदाज

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी मनीष कुमार ने संस्थान के विद्यार्थियों के साथ आयोजित “इंट्रोडक्शन प्रोग्राम—एक्सपर्ट टॉक ऑन रोल ऑफ इंजीनियर इन द डेवलपमेंट ऑफ सोसाइटी” में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद करते हुए इंजीनियरिंग शिक्षा, करियर निर्माण और समाज के विकास में इंजीनियरों की भूमिका पर अपने अनुभव साझा किए।

डीएम ने विद्यार्थियों से कहा कि सफलता के लिए लक्ष्य स्पष्ट होना जरूरी है। लक्ष्य तय करने के बाद अनुशासन, नियमित अध्ययन और निरंतर मेहनत को जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने छात्रों को कक्षा में पढ़ाए जाने वाले विषयों की पहले से तैयारी करने, नियमित कक्षाओं में उपस्थित रहने और रिवीजन की आदत विकसित करने की सलाह दी।

उन्होंने पढ़ाई के साथ फिजिकल फिटनेस, एक्स्ट्रा करिकुलर एक्टिविटीज, व्यक्तित्व विकास, इंडस्ट्रियल विजिट और प्रैक्टिकल लर्निंग पर भी जोर दिया। अपने इंजीनियरिंग छात्र जीवन के अनुभव साझा करते हुए जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों को कॉलेज के वर्षों का सदुपयोग करने तथा किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव हासिल करने के लिए प्रेरित किया।

नशे से दूर रहने का दिया संदेश

युवा पीढ़ी को नशे से बचाने के संदेश को भी जिलाधिकारी ने प्रमुखता से उठाया। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से पूरी तरह दूर रहने और अपने आसपास के युवाओं को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। साथ ही उत्तराखंड के ऐतिहासिक एवं प्राकृतिक स्थलों का भ्रमण कर राज्य की संस्कृति और विविधता को समझने की भी अपील की।

विद्यार्थियों ने टॉपर बनने की रणनीति, परीक्षा के तनाव, समय प्रबंधन और करियर प्लानिंग से जुड़े सवाल पूछे। जिलाधिकारी ने सहजता से सवालों का जवाब देते हुए अपने अनुभवों के आधार पर उपयोगी सुझाव दिए।

जिलाधिकारी मनीष कुमार का विद्यार्थियों के बीच पहुंचकर संवाद करना प्रशासनिक जिम्मेदारियों से आगे बढ़कर युवाओं के भविष्य को दिशा देने की सकारात्मक पहल के रूप में देखा जा रहा है। विकास कार्यों की लगातार निगरानी के साथ युवा पीढ़ी को शिक्षा, अनुशासन, फिटनेस और नशामुक्त जीवन का संदेश देना उनके संवेदनशील और सक्रिय प्रशासनिक दृष्टिकोण को दर्शाता है।


ख़बर शेयर कर सपोर्ट करें
error: Content is protected !!