
चम्पावत UK चम्पावत 18 अगस्त👉 जिले के दूरस्थ क्षेत्रों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को रोजगार, स्वरोजगार और कौशल विकास के अवसरों से अवगत कराने के लिए जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से विशेष करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशन में राजकीय इंटर कॉलेज मूलाकोट और राजकीय इंटर कॉलेज पनियाँ में आयोजित कार्यक्रमों में विद्यार्थियों को भविष्य की संभावनाओं और विभिन्न विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई।
जिला सेवायोजन अधिकारी आर.के. पंत ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं की क्षमता और प्रतिभा को सही दिशा देने के लिए सरकार की ओर से विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। विद्यार्थियों को इन योजनाओं का लाभ उठाकर अपने कौशल को विकसित करने तथा रोजगार एवं स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाली ‘स्किल प्रतियोगिता-2026’ के संबंध में भी विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि ऐसी प्रतियोगिताएं युवाओं को अपनी दक्षता प्रदर्शित करने के साथ-साथ उद्योग और स्वरोजगार के क्षेत्र में नए अवसर तलाशने का मंच प्रदान करती हैं।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को करियर संबंधी उपयोगी साहित्य और विभिन्न योजनाओं से संबंधित सूचना पुस्तिकाएं भी वितरित की गईं। दोनों विद्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों में कुल 181 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
जिला प्रशासन की ओर से बताया गया कि ग्रामीण एवं दुर्गम क्षेत्रों के विद्यार्थियों तक पहुंच बनाकर उन्हें समय पर उचित करियर मार्गदर्शन उपलब्ध कराने का प्रयास लगातार जारी रहेगा। कार्यक्रम में सेवायोजन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, विद्यालयों के शिक्षक तथा छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।










