
Time 24×7Tak
चम्पावत UK चम्पावत 21 अगस्त👉 मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना (MUY) के माध्यम से जनपद में स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देने की दिशा में शुक्रवार को महत्वपूर्ण पहल की गई। विकास भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के योजना शुभारंभ कार्यक्रम का वर्चुअल प्रसारण किया गया। इसके बाद मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना की IEC वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
मुख्य अतिथि दर्जा प्राप्त मंत्री श्याम नारायण पाण्डेय की उपस्थिति तथा मुख्य विकास अधिकारी जीएस खाती की अध्यक्षता में आयोजित MUY चौपाल में मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना का उद्देश्य गांव-गांव तक उद्यमिता की जानकारी पहुंचाकर युवाओं, महिलाओं और स्वयं सहायता समूहों को स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने स्थानीय उत्पादों और ग्रामीण उद्यमों को बढ़ावा देने को पलायन रोकने की दिशा में भी अहम कदम बताया।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट उद्यमिता और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली हेमा उपाध्याय, लक्ष्मी जोशी और कंचन देवी सहित अन्य महिला उद्यमियों को सम्मानित किया गया। वहीं लक्षिता जोशी, अपर्णा पनेरू, देवेन्द्र कुमार, निखिल अधिकारी, कलावती देवी, बबीता चौधरी, माया बिष्ट, शोभा तड़ागी और गीता देवी को उत्कृष्ट उद्यमी प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो प्रदान किए गए।
इस दौरान आठ उद्यमियों को सब्सिडी की राशि के चेक भी वितरित किए गए। ओमप्रकाश जोशी, कुंवर सिंह, हरीश राय, राजेश सार्की, विक्रम सिंह भंडारी और भुवन चंद को 90-90 हजार रुपये, जबकि शिवदत्त पाटनी और तुलाराम को 30-30 हजार रुपये की सब्सिडी प्रदान की गई।
आधुनिक एलईडी डिस्प्ले, ऑडियो-वीडियो प्रचार प्रणाली और विभिन्न प्रचार सामग्री से लैस IEC वैन को मुख्य अतिथि श्याम नारायण पाण्डेय, जिलाधिकारी मनीष कुमार सहित जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाई। यह वैन 21 से 27 अगस्त तक चम्पावत, लोहाघाट, पाटी और बाराकोट विकासखंडों के दूरस्थ गांवों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों तक पहुंचेगी।
वैन के माध्यम से युवाओं, महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उद्यमियों को मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के साथ ही विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। इच्छुक लोगों को उद्यम स्थापना, प्रशिक्षण, वित्तीय सहायता, बाजार से जुड़ाव और उद्यमी पंजीकरण की प्रक्रिया के संबंध में भी मार्गदर्शन दिया जाएगा।
कार्यक्रम स्थल पर पंजीकरण डेस्क, उत्पाद एवं उद्यम प्रदर्शनी, विभागीय मार्गदर्शन सत्र तथा बैंकिंग एवं ऋण सुविधा सहायता केंद्र भी लगाए गए। इन माध्यमों से प्रतिभागियों को उद्यम शुरू करने से जुड़ी आवश्यक जानकारी और सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, दायित्वधारी मनोज कालाकोटी, मुकेश महराना व रोहित बिष्ट, कैलाश अधिकारी, परियोजना निदेशक अजय सिंह, एपीडी विम्मी जोशी, मुख्य कृषि अधिकारी डी. कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, उद्यमी एवं स्वयं सहायता समूहों के सदस्य मौजूद रहे।










