✍️चम्पावत जिला अस्पताल में शुरू होगी ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट     20 अगस्त को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी वर्चुअल माध्यम से करेंगे शुभारंभ, स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगे रक्त के जरूरी घटक👉

✍️चम्पावत जिला अस्पताल में शुरू होगी ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट 20 अगस्त को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी वर्चुअल माध्यम से करेंगे शुभारंभ, स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगे रक्त के जरूरी घटक👉

ख़बर शेयर कर सपोर्ट करें

चम्पावत UK                                                          चम्पावत👉 सीमांत जनपद चम्पावत को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है। जिला चिकित्सालय चम्पावत में स्थापित ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट का शुभारंभ 20 अगस्त 2026 को प्रातः 9 बजे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी वर्चुअल माध्यम से करेंगे। इस सुविधा के शुरू होने से मरीजों को रक्त के विभिन्न आवश्यक घटक स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेंगे।

ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट के माध्यम से दान किए गए रक्त को उसके प्रमुख घटकों पैक्ड रेड ब्लड सेल्स (PRBC), प्लाज्मा और प्लेटलेट्स में अलग किया जा सकेगा। मरीज की बीमारी और चिकित्सकीय आवश्यकता के अनुसार संबंधित रक्त घटक उपलब्ध कराया जाएगा। इससे रक्त का अधिक वैज्ञानिक एवं जरूरत के अनुरूप उपयोग संभव होगा।

यह सुविधा दुर्घटना, प्रसव के दौरान अत्यधिक रक्तस्राव, सर्जरी, गंभीर बीमारी तथा अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में विशेष रूप से उपयोगी साबित होगी। अभी आवश्यक रक्त घटकों के लिए मरीजों को बड़े चिकित्सा केंद्रों की ओर रेफर करना पड़ सकता है, लेकिन स्थानीय स्तर पर यह सुविधा उपलब्ध होने से उपचार में लगने वाला महत्वपूर्ण समय बच सकेगा।

जिला चिकित्सालय में यूनिट के संचालन से दूरस्थ एवं सीमांत क्षेत्रों से आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को भी राहत मिलेगी। आपात स्थिति में चिकित्सकों को मरीज की आवश्यकता के अनुसार उपयुक्त रक्त घटक उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी, जिससे जिला चिकित्सालय की आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था और मजबूत होगी।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान ने बताया कि ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट जनपद में गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे स्वैच्छिक रक्तदान को भी प्रोत्साहन मिलेगा। एक यूनिट रक्त से अलग-अलग रक्त घटक तैयार होने के कारण एक से अधिक जरूरतमंद मरीजों को उनकी आवश्यकता के अनुसार उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिल सकेगी।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से नागरिकों से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने की अपील भी की जाएगी, ताकि जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त एवं रक्त घटकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके। जिला चिकित्सालय में यह सुविधा शुरू होने से चम्पावत जैसे सीमांत जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रम 20 अगस्त को प्रातः 9 बजे जिला चिकित्सालय चम्पावत में आयोजित होगा, जहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी वर्चुअल माध्यम से ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट का शुभारंभ करेंगे।


ख़बर शेयर कर सपोर्ट करें
error: Content is protected !!