Time 24×7Tak
हल्द्वानी उत्तराखण्ड
हल्द्वानी 👉उत्तराखण्ड में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों का शुक्रवार को भव्य समापन हुआ। हल्द्वानी के अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर में आयोजित समापन समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे।
गृह मंत्री अमित शाह ने अपने संबोधन में उत्तराखंड की खेल उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि यह राज्य “देवभूमि” के साथ साथ अब “खेल भूमि” बन गया है। उन्होंने कहा उत्तराखंड ने केवल राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी नहीं की, बल्कि धामी जी ने हर जिले में खेल संरचना का विकास किया है। इसके अलावा खिलाड़ियों की शानदार उपलब्धियों ने देवभूमि को खेल भूमि में बदल दिया है।
केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि राष्ट्रीय खेलों ने भारत को खेलों का वैश्विक केंद्र बनाने की यात्रा शुरू कर दी है। उन्होंने कहा खेलों में हम या तो जीतते हैं या सीखते हैं। हमें दुनिया को यह संदेश देना है कि हम अर्जुन जैसे वीर योद्धाओं की धरती से आते हैं।
वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने समापन समारोह में आए सभी अतिथियों का स्वागत किया और इस प्रतिष्ठित आयोजन की मेजबानी को उत्तराखंड के लिए गर्व का क्षण बताया।
इस बार 38 टीमों के लगभग 10,000 एथलीट और अधिकारी 18 दिन तक चले राष्ट्रीय खेलों का हिस्सा बने। विभिन्न खेलों में जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए सर्विसेज ने कुल 121 (68 स्वर्ण, 26 रजत, 27 कांस्य) पदकों के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। महाराष्ट्र ने 198 पदकों (54 स्वर्ण, 71 रजत, 73 कांस्य) के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया, लेकिन स्वर्ण पदकों की संख्या में पीछे रहने के कारण वह दूसरे स्थान पर रहा। हरियाणा ने 153 पदकों (48 स्वर्ण, 47 रजत, 58 कांस्य) के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 28 जनवरी को देहरादून के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में इन खेलों का उद्घाटन किया था। छह शहरों हरिद्वार, नैनीताल, हल्द्वानी, रुद्रपुर, शिवपुरी और नई टिहरी ने इन खेलों की मेजबानी की। प्रतियोगिता में एथलेटिक्स, शूटिंग, कुश्ती, तैराकी, हॉकी, बॉक्सिंग, बैडमिंटन, भारोत्तोलन, फुटबॉल, टेनिस और टेबल टेनिस जैसे ओलंपिक खेल शामिल रहे। इसके अलावा इस आयोजन में कलारीपयटु, योगासन, मल्लखंब और राफ्टिंग जैसे चार प्रदर्शन खेल भी शामिल किए गए थे।
इस अवसर पर मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, राज्यसभा सांसद महेन्द्र भट्ट, सांसद अजय भट्ट सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, खेलों से जुड़े खिलाड़ी, शासन के अधिकारी आदि उपस्थित थे।
वहीं इससे पूर्व मुख्य अतिथि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का हल्द्वानी सेना हैलीपैड से गौलापार तक स्थानीय लोक कलाकारों, लोक संस्कृति, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से भव्य स्वागत किया गया।








